प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का किया सम्मान
निवाई (सच्चा सागर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, निवाई की कक्षा 10 का सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम शानदार रहा है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय पहुंचने पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों द्वारा तिलक, माला पहनाकर एवं मुंह मीठा कराकर सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य कुंभाराम चौधरी ने बताया कि कक्षा 10 में कुल 77 विद्यार्थियों में से 40 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी तथा 26 छात्र-छात्राएं द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। कक्षा 10 में प्रिया मीणा ने 88.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं द्वितीय स्थान पर कृतिका मिश्रा (86.80 प्रतिशत) तथा तृतीय स्थान पर निष्ठा शेवानी (85.80 प्रतिशत) रही। उन्होंने बताया कि विद्यालय के 10 से अधिक छात्र-छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का स्वागत सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी एवं समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
