दुपहिया वाहन चालक हो रहे हादसों के शिकार
देवली (सच्चा सागर)। नगर पालिका क्षेत्र की जनता कॉलोनी में सीसी सडक़ का निर्माण कार्य आमजन के लिए जी का जंजाल बन गया हैं। दरअसल सडक़ की ऊंचाई अधिक होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कॉलोनी में नाथूलाल चौधरी के मकान के ठीक सामने करीब डेढ़ महीने पहले सीसी सडक़ का निर्माण कराया गया था, यह सडक़ सीधे गुरुद्वारा रोड को जोड़ती है। लेकिन निर्माण के बाद यह सडक़ काफी ऊँची हो गई है। सडक़ के बीच से गुजर रही नाली पर लगा लोहे का फेरोकवर, सडक़ के स्तर से काफी नीचे है, जिससे दोनों के बीच एक गहरा गैप बन गया है। इस ऊंचे-नीचे स्तर के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। यहां टू व्हीलर और फोरव्हीलर धमाक से गिर रहे हैं। इनमें टू व्हीलर चालक इस गैप में अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। अब यह स्थान कॉलोनी में दुर्घटना जोन बन गया है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इस जोखिमपूर्ण गैप को जल्द समतल किया जाए, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।
