चुंगी नाके के पास पसरी गंदगी, दीवार के पीछे बना कचरा डिपो


देवली (सच्चा सागर)।
शहर के व्यस्ततम रोडवेज बस स्टैंड और पुराने चुंगी नाके के पास इन दिनों गंदगी फैली हुआ है। बस स्टैंड के निकास द्वार और न्यायालय की दीवार के पीछे खाद्य विक्रेताओं द्वारा फैलाए जा रहे अपशिष्ट ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है। लोगों ने बताया कि चुंगी नाके के करीब स्थित न्यायालय की दीवार के पीछे के हिस्से को खाद्य विक्रेताओं ने अघोषित ‘कचरा डिपो’ बना दिया है। दिन भर यहां सड़े-गले फल, सब्जियां और गन्ने का रस निकालने के बाद बचा हुआ वेस्ट (छिलके और कचरा) खुले में फेंका जा रहा है। शाम होते ही फल और जूस विक्रेता अपना सारा अपशिष्ट इसी स्थान पर डाल देते हैं, जो सुबह सफाई होने तक यह कचरा सडक़ तक फैल जाता है। मवेशी इस कचरे को और अधिक फैला देते हैं, जिससे आसपास की कॉलोनियों के लोगों को असुविधा हो रही है। गंदगी के कारण क्षेत्र में तीखी बदबू और बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड के पीछे, जनता कॉलोनी में बावड़ी बालाजी की दीवार के पास और शहर के अन्य इलाकों में भी यही स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और नगर पालिका मंडल को इन खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही करनी चाहिए और उन्हें एक निश्चित स्थान पर कचरा निस्तारण के लिए पाबंद करना चाहिए।            


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने