चाकसू में ट्रैवलर गाड़ी में अचानक लगी आग, सवारियों में मची अफरातफरी


- शादी समारोह के बाद देवताओं को धोक लगाने जा रहे थे लोग  

- जयपुर से सवाईमाधोपुर के बौली गांव जा रही थी ट्रैवलर गाड़ी

- आमीन खान   

चाकसू (सच्चा सागर)। चाकसू क्षेत्र में दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब रामपुरा नाला के पास एक ट्रैवलर गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी धूं-धूं कर जलने लगी, जिससे उसमें सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर गाड़ी जयपुर से सवाईमाधोपुर के बौली गांव की ओर जा रही थी। गाड़ी में सवार सभी लोग एक शादी समारोह के बाद देवताओं को धोक लगाने (देव दर्शन यात्रा) के लिए जा रहे थे। वाहन में दूल्हा-दुल्हन सहित उनके परिजन और रिश्तेदार भी मौजूद थे। हादसा अचानक हुआ, लेकिन चालक की सूझबूझ और सतर्कता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रैवलर गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है। इस घटना में राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने