- विशाल सैनी
टोंक (सच्चा सागर)। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 स्थित मालियों के मंदिर क्षेत्र में कचरा संग्रहण की समस्या को लेकर दैनिक नवज्योति में प्रकाशित खबर का सकारात्मक असर देखने को मिला है। लंबे समय से कचरा गाड़ी नहीं आने के कारण परेशान मोहल्लेवासियों को अब बड़ी राहत मिली है। नगर परिषद द्वारा पुन: नियमित रूप से कचरा गाड़ी भेजे जाने से क्षेत्रवासियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दे रही है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कई दिनों से कचरा गाड़ी नहीं आने के कारण घरों में कचरा जमा हो रहा था, जिससे गंदगी बढऩे के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बना हुआ था। समस्या को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए गए और समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आया। इसके बाद अब वार्ड संख्या 9 के मालियों के मंदिर क्षेत्र में फिर से कचरा गाड़ी का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया है।
विशाल सैनी की मेहनत लाई रंग
स्थानीय निवासी विशाल सैनी द्वारा इस समस्या को लेकर लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों तक समस्या पहुंचाने के साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए निरंतर पहल की। उनकी जागरूकता और मेहनत का ही परिणाम है कि अब क्षेत्र में कचरा गाड़ी का संचालन पुन: शुरू हो सका है। मोहल्लेवासियों ने भी उनके प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
अब नहीं रहेगा घरों में कचरा, बीमारियों की चिंता भी कम
कचरा गाड़ी के पुन: शुरू होने से अब घरों में कचरा जमा नहीं होगा और गंदगी के कारण फैलने वाली बीमारियों की आशंका भी कम हो जाएगी। क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि भविष्य में भी नियमित रूप से कचरा संग्रहण होता रहेगा, जिससे क्षेत्र स्वच्छ और स्वस्थ बना रहेगा। साथ ही लोगों ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने में आमजन की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है और सभी को मिलकर अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

