राहोली में प्रवेशोत्सव अभियान के अंतर्गत घुमंतू जाति के अनामांकित बच्चों का उत्साहपूर्वक नामांकन
निवाई (सच्चा सागर)। राहोली के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय व राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय अम्बेडकर कालोनी में चल रहे प्रवेशोत्सव 2026-27 के विशेष अभियान के अंतर्गत एक अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल की गई। विद्यालय परिवार द्वारा समाज के वंचित एवं घुमंतू जाति के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे हेतु विशेष प्रयास करते हुए उनका विद्यालय में नामांकन करवाया गया। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी डॉ. योगेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि इस अभियान के तहत शिक्षिको ने कच्ची बस्तियों एवं घुमंतू परिवारों तक पहुँच बनाकर घर-घर संपर्क किया। अभिभावकों को शिक्षा के महत्व, सरकारी योजनाओं एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। नामांकन के दौरान बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। जिससे उनमें विद्यालय के प्रति अपनापन और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घुमंतू जाति कार्य प्रमुख राजेन्द्र टेलर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ निवाई खण्ड कार्यवाह जगदीश वर्मा रहे। घुमन्तू जाति कार्य प्रमुख राजेन्द्र टेलर ने अपने प्रेरणादायक पाथेय में कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त साधन है जो समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी आगे बढऩे का अवसर प्रदान करती है। घुमंतू जाति के बच्चों को शिक्षा से जोडऩा एक सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खण्ड कार्यवाह राजेन्द्र वर्मा ने विद्यालय प्रशासन से कहा कि आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। राउप्रा विद्यालय अम्बेडकर कॉलोनी की प्रधानाध्यापक पूजा पाटीदार व शिक्षिका ललिता महावर ने बताया कि राहोली के सरकारी विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आकर्षक अधोसंरचना, खेल-आधारित शिक्षण एवं विभिन्न सहशैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नवाचारी शिक्षक निरंजन सांवरिया ने कहा कि राहोली में शिक्षा का उजियारा घर-घर तक पहुंचाने के लिए विद्यालय, समाज और संगठन मिलकर प्रयास कर रहे है।
