गिरफ्तारी नहीं होने पर बाजार बंद की चेतावनी, व्यापारियों ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
उनियारा (सच्चा सागर)। उनियारा कस्बे में गुरुवार रात्रि सरदार सिंह सर्किल स्थित बस स्टैंड पर व्यापारियों को लूटने के प्रयास एवं फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह व्यापारियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात उनियारा कैंटीन के मालिक अजय कुमार गुप्ता दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान एनफील्ड मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से बैग छीनने का प्रयास किया। शोर सुनकर उनके बड़े भाई प्रदीप गुप्ता बीच-बचाव के लिए पहुंचे, जिस पर आरोपियों ने बंदूक के बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से भागते समय फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आरोपियों का पीछा किया। बताया गया कि सवाई माधोपुर मार्ग स्थित एक कैफे के संचालक ने दोनों आरोपियों को अपने कैफे में घुसा लिया और बाद में दूसरे रास्ते से उन्हें बाहर निकालकर भगा दिया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा चौधरी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में रामसिंह खटाना निवासी बामनिया एवं राजा बाबू गुर्जर निवासी उनियारा सहित कैफे संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त एनफील्ड मोटरसाइकिल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। शुक्रवार सुबह उनियारा व्यापार संघ के अध्यक्ष संदीप गुप्ता, उपाध्यक्ष उम्मेद सिंह, नमो नारायण गौतम, विष्णु सिंह, अशोक शर्मा, महेश खंडेलवाल, गंगाधर खंडेलवाल, गोपाल जैन, घासीलाल जैन, ओमप्रकाश जैन, अभय सिंह शक्तावत सहित सैकड़ों व्यापारियों ने उपखंड अधिकारी पूजा मीणा को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक राजा बाबू गुर्जर पूर्व में भी एक व्यापारी की आंखों में मिर्ची फेंककर लूट की घटना में शामिल रह चुका है। पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा चौधरी ने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
