भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए लगाए परिंडे, महिलाओं ने लिया प्रतिदिन पानी भरने का संकल्प


निवाई (सच्चा सागर)।
दिगम्बर जैन खण्डेलवाल सरावगी समाज महिला मंडल के तत्वावधान में जैन समाज की महिलाओं द्वारा रविवार को पारसनाथ उद्यान नसियां मंदिर प्रांगण में भीषण गर्मी को देखते हुए नन्हें पक्षियों के लिए परिंडे लगाने की पहल शुरू की गई। इस दौरान महिलाओं ने जैन धर्म के आठवें तीर्थंकर भगवान चन्द्र प्रभु जी के ज्ञान कल्याणक के उपलक्ष्य में आठ परिंडे बांधकर उनमें प्रतिदिन पानी भरने का संकल्प लिया। सरावगी समाज महिला मीडिया संयोजक संजू जौंला ने बताया कि परिंडे अभियान के तहत समाज की महिलाओं द्वारा आगामी दिनों में तहसील स्तर पर विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए चुग्गा-पानी की व्यवस्था करते हुए परिंडे बांधे जाएंगे। रविवार को बढ़ती गर्मी के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए महिलाओं ने सामूहिक रूप से इस अभियान की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को सहज रूप से पानी उपलब्ध कराना तथा समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। महिला मंडल अध्यक्ष अनिता छाबड़ा ने कहा कि भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना अत्यंत नेक और सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि भाग्यशाली लोगों को ही ऐसा पुण्य कार्य करने का अवसर मिलता है। वहीं महिला मंडल संरक्षक शकुंतला छाबड़ा ने कहा कि अत्यधिक तापमान बढऩे पर कुएं-तालाब जैसे जल स्रोत सूख जाते हैं, जिससे पशु-पक्षियों को पानी मिलना कठिन हो जाता है। कार्यक्रम से पूर्व जिला मंत्री विजया टोंग्या, मंत्री संगीता संधी, सीमा जैन, तृप्ति जैन, वाटिका सोगानी, रेशू जैन एवं अर्चना सेदरिया ने भगवान शांतिनाथ जी के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान महावीर प्रसाद पराणा, महावीर प्रसाद छाबड़ा, विमल जौंला, सुनील चेनपुरा, हितेश छाबड़ा, विमल पाटनी सहित महिला अध्यक्ष अनिता छाबड़ा ने आमजन से अपील की कि वे भी अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करें, ताकि इस भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम होने के साथ-साथ समाज में जीव-जंतुओं के प्रति करुणा एवं सह-अस्तित्व का संदेश भी देगा।                           


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने