सोते रह गए पशुपालक, चोर ले उड़े बकरियां, एक माह में पशु चोरी की दूसरी वारदात


लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
क्षेत्र में पशुपालकों की भेड़-बकरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। गुलगांव में बाड़े से भेड़ चोरी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि गुरुवार रात लांबाहरिसिंह कस्बे के केकड़ी रोड पर फिर से चोरों ने पशु चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। जानकारी के अनुसार गोपाल रेगर व गोगा माली के मकानों से करीब एक दर्जन बकरियां चोरी हो गईं। चोर गोपाल रेगर के घर से 7 बकरियां और 1 बकरा तथा गोगा माली के घर से 4 बकरियां चुरा ले गए। हैरानी की बात यह रही कि गोपाल रेगर बकरियों के पास ही सोया हुआ था, इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह जब पशुपालक जागे तो बकरियों की रस्सियां कटी हुई मिलीं, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। पशुपालकों के अनुसार इस वारदात में करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी। एएसआई रामस्वरूप खींची ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस कस्बे के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के पशुपालकों में डर का माहौल है और वे पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने