संस्था प्रधान वाकपीठ संगोष्ठी का शुभारंभ, नवाचार आधारित शिक्षा पर दिया जोर
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। उपखण्ड के गांव कूकड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार से ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय संस्था प्रधान उच्च माध्यमिक विद्यालय सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लिस निदेशक राधा चौधरी (धर्मपत्नी पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी) ने किया। वहीं उद्घाटन कार्यक्रम में अध्यक्षता सीबीईओ कमलेश कुमार शर्मा ने की। इस मौके पर मुख्य अतिथि चौधरी ने कहा कि शिक्षकों को बच्चों में जीवन मूल्यों तथा संस्कार आधारित शिक्षा देने के लिए नवाचार करने पर विचार किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मूल्यों पर आधारित शिक्षा से बच्चे राष्ट्र निर्माण और देशभक्ति में योगदान दे सकें। श्रीमती चौधरी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुधारात्मक शिक्षा से उन्नत भारत का भविष्य साकार हो सकेगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष संत कुमार जैन ने गुरु की महत्ता बताते हुए कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी जैसे होते है, उन्हें सांचे में ढालने का काम शिक्षक का होता है। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में मंथन और मनन करने के पश्चात प्रतिस्पर्धा युग में गैर सरकारी स्कूलों से मुकाबला करने के लिए नवाचार पर जोर दिया। अध्यक्षता करते हुए सीबीईओ कमलेश कुमार शर्मा ने प्रशासनिक सम्बोधन दिया। कार्यक्रम में संयोजक सुरेश कुमार शर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा वाकपीठ संगोष्ठी अध्यक्ष ओमप्रकाश जांगिड़ ने संगोष्ठी की जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा मोर मण्डल अध्यक्ष राजेश मीणा एडवोकेट भी मौजूद रहें। सोमवार को प्रधानाचार्य श्रवण लाल खटीक ने संस्था प्रधान के दायित्व तथा समाज के साथ सहयोग, भागीरथ मीणा ने पीएम श्री विद्यालय संचालन, समस्या तथा समाधान, कैलाश जांगिड़ ने प्रवेशोत्सव, नामांकन वृद्धि तथा हाउस होल्ड सर्वे तथा परीक्षा परिणाम उन्नयन तथा प्रहलाद कुम्हार ने प्रार्थना सभा, नो बेग डे पर विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया तथा सभी का स्वागत किया गया। वाकपीठ संगोष्ठी में ब्लाक की सभी स्कूलों के संस्था प्रधान ने भाग लिया।
