करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया 5 फीट लंबा जहरीला सांप
टोंक (सच्चा सागर)। टोंक में जिला कलेक्टर टीना डाबी के सरकारी आवास परिसर में शुक्रवार शाम उस समय हडक़ंप मच गया, जब वहां एक जहरीला कोबरा सांप घुस गया। करीब 5 फीट लंबे कोबरा को देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत सिविल डिफेंस टीम को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार इस कोबरा सांप को सबसे पहले कलेक्टर के निजी सहायक ने देखा था। उन्होंने तुरंत सिविल डिफेंस टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस से जुड़े वन्यजीव प्रेमी गालिब खान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गालिब खान ने बताया कि मौसम परिवर्तन के चलते अक्सर सांप और अन्य जीव अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया सांप नाजा प्रजाति का अत्यधिक जहरीला कोबरा था। रेस्क्यू के दौरान कोबरा करीब 20 मिनट तक फन फैलाकर बैठा रहा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया। गालिब खान के अनुसार सांप के पेट में पहले से शिकार होने के कारण वह कुछ सुस्त अवस्था में था, लेकिन रेस्क्यू के समय उसने आक्रामक तेवर भी दिखाए। अंतत: सांप को सुरक्षित पकडक़र जंगल में छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कलेक्टर टीना डाबी बंगले पर मौजूद नहीं थीं। सांप के पकड़े जाने के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिसे सिविल डिफेंस टीम की सूझबूझ से नियंत्रित कर लिया गया।
