- विशाल सैनी
टोंक (सच्चा सागर)। नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 में कचरा संग्रहण की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि परिषद की कचरा गाड़ी नियमित समय पर नहीं आती, जिसके कारण घरों में कई-कई दिनों तक कचरा जमा रहता है। इससे क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ-साथ गंदगी भी लगातार बढ़ती जा रही है और लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार कचरा गाड़ी देर से आती है या कई दिनों तक दिखाई ही नहीं देती। ऐसे में मजबूरन लोगों को घरों में कचरा इक_ा रखना पड़ता है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
गाड़ी का समय तय नहीं, कभी भी पहुंच जाती है
निवासियों ने बताया कि कचरा गाड़ी का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी सुबह 10 बजे आती है, तो कभी 11 बजे, तो कभी दोपहर में। कई बार रविवार को आती है और कई बार उस दिन भी नहीं आती। लोगों का कहना है कि गाड़ी पूरी तरह मनमर्जी से चल रही है, जिससे घरों में मौजूद लोगों को इंतजार करना पड़ता है या कचरा बाहर ही पड़ा रह जाता है। महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें बार-बार कचरे के साथ गाड़ी का इंतजार करना पड़ता है।
आती है तो पहले से ही भरी रहती है
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब कचरा गाड़ी आती भी है तो उसमें पहले से ही कचरा इतना भरा होता है कि नया कचरा डालने की जगह नहीं बचती। मजबूरन लोग ऊपर से कचरा डालते हैं, जिससे कचरा नीचे गिरकर सड$क पर फैल जाता है। इससे सड$कों पर गंदगी फैल जाती है और आवारा पशु कचरे को इधर-उधर बिखेर देते हैं। निवासियों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
गंदगी से बढ़ा बीमारी का खतरा
क्षेत्र में कचरा जमा रहने से मच्छरों और मक्खियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। कई स्थानों पर कचरे के ढेर स्थायी रूप से बने हुए हैं, जिन्हें समय पर नहीं उठाया जाता।
वार्डवासियों ने की नियमित व्यवस्था की मांग
वार्ड नंबर 9 के निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि कचरा गाड़ी का नियमित समय तय किया जाए तथा पर्याप्त क्षमता वाली गाडिय़ों की व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि वार्ड में रहने वाले लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
