नगर परिषद के वार्ड नं. 9 स्थित मालियों का मन्दिर, पुरानी टोंक में कचरे का अंबार


बार-बार शिकायत के बावजूद भी नगर परिषद कोई हरकत में नहीं

- विशाल सैनी

टोंक (सच्चा सागर)। शहर के वार्ड नं. 9 स्थित मालियों का मन्दिर, पुरानी टोंक क्षेत्र में नगर परिषद की कचरा गाड़ी समय पर नहीं आने से वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार समाचार प्रकाशित करने और शिकायत करने के बावजूद नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है, जिससे क्षेत्र में कचरे का अंबार लग गया है और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है।             

बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई

वार्डवासियों का कहना है कि नगर परिषद को कई बार फोन कर शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। विशाल सैनी ने बताया कि उन्होंने नगर परिषद में फोन कर शिकायत की तो वहां से जवाब मिला कि ठेकेदार से बात की जाएगी, लेकिन इसके बाद फोन काट दिया गया। कुछ दिनों बाद दोबारा फोन करने पर भी किसी ने फोन नहीं उठाया। वार्डवासी रूपचन्द सैनी ने बताया कि कचरा गाड़ी के नियमित नहीं आने के कारण घरों और सड$कों पर कचरा जमा होता जा रहा है। इससे न केवल गंदगी फैल रही है बल्कि क्षेत्रवासियों को दुर्गंध और गंदगी के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है।    

घरों में कचरे से भरी बाल्टियां और कट्टे

क्षेत्र में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों के घरों में कचरा रखने की जगह तक नहीं बची है। वार्डवासियों का कहना है कि घरों में कचरा रखने के लिए बाल्टियां और कट्टे तक भर चुके हैं। अब लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि कचरा कहां डालें और कहां रखें। महिलाओं ने बताया कि कचरे के कारण मच्छर और बदबू बढ़ गई है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। गर्मी के मौसम में गंदगी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका और अधिक हो जाती है, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष खतरा मंडरा रहा है।   

10-15 दिन तक नहीं आती कचरा गाड़ी

वार्डवासियों का कहना है कि नगर परिषद की कचरा गाड़ी का कोई निश्चित समय नहीं है। गाड़ी कभी भी अपनी मर्जी से आती-जाती है और कई बार 10 से 15 दिन तक गाड़ी का कोई पता नहीं चलता। इस कारण सड$कों और घरों के बाहर कचरे के ढेर लग जाते हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। महिलाओं में खुशी सैनी, शिवानी सैनी, इन्द्रा देवी, नोरती देवी, छोटी देवी, सन्तरा देवी, मांगी देवी आदि ने बताया कि बार-बार शिकायत और खबर प्रकाशित होने के बाद भी नगर परिषद द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।       

सख्त कदम उठाने की चेतावनी

वार्डवासी शंकर पटेल ने कहा कि यदि इसी तरह लापरवाही जारी रही तो वार्डवासियों को नगर परिषद के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था नगर परिषद की जिम्मेदारी है, लेकिन विभाग द्वारा इस जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इस दौरान विशाल सैनी, राहुल सैनी, कमलेश सैनी, पप्पू भाई, अजय सैनी, कन्हैयालाल सैनी, प्रदीप प्रजापत, अजय सोलंकी, लोकेश सैनी, सुरेश सैनी, नवरतन सैनी, लालचन्द सैनी, छीत्तर लाल सैनी, रूपचन्द सैनी, सीताराम सैनी, रामदास सैनी, महेन्द्र सैनी, शंकर पटेल, डबल रंगीला, दारासिंह, भूपेन्द्र ठाकर सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे। 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने