वार्ड 4 आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार को पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक अनिता माली के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान बच्चों की वृद्धि निगरानी (ग्रोथ मॉनिटरिंग), टीकाकरण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान रंगोली सजाई गई। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता देवी, सीता साहू, इंद्रा महावर तथा सहायिका प्रभाती कुमावत, अंजलि सैनी, सीमा सैन, संगीता जैन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। महिला पर्यवेक्षक अनिता माली ने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय को संतुलित आहार, स्वच्छता और बच्चों के समुचित विकास के प्रति जागरूक करना रहा। पर्यवेक्षक ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्थान के तत्वावधान में 9 से 23 अप्रैल तक 8वां पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना है। इस वर्ष पखवाड़े में आज की थीम  ‘मस्तिष्क विकास के लिए प्रारंभिक प्रोत्साहन’ रखी गई है, जिसके अंतर्गत विशेष रूप से जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अभियान में बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों एवं संबंधित संस्थानों में विकासात्मक माइलस्टोन की पहचान अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही ‘नवचेतना मार्गदर्शिका’ के अनुसार बच्चों के विकास के विभिन्न चरणों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। पोषण पखवाड़े के दौरान अभिभावकों को बच्चों के सही पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण एवं प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि ‘बचपन के पहले 6 साल पोषण और पढ़ाई के लिए हैं बेमिसाल’, इसलिए इस अवधि में बच्चों के स्वास्थ्य और विकास पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने