देवली में सूर्य के तेवर तीखे : 38 डिग्री पहुंचा पारा


शरीर पर होने लगी जलन  

देवली (सच्चा सागर)। शहर में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को दोपहर होते-होते सूर्य की तपिश इतनी बढ़ गई कि जनजीवन प्रभावित नजर आया। दोपहर 12:30 बजे शहर का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। स्थिति यह थी कि दोपहर की तेज धूप अब लोगों की त्वचा पर सीधा प्रहार कर रही है। राहगीरों और खुले में काम करने वाले लोगों ने बताया कि धूप इतनी तेज और चुभने वाली थी कि हाथों और पैरों में जलन होने लगी। इतना ही नहीं, अधिक समय तक धूप के संपर्क में रहने पर लोगों को त्वचा में खुजली और बेचैनी की शिकायत भी होने लगी है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए अब तापमान के जल्द ही 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छूने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं। वर्तमान में पारा जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसे देखते हुए यह स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और अधिक आक्रामक होंगे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीते रहने की सलाह दी है। गर्मी का यह बढ़ता ग्राफ अब सीधे तौर पर 40 डिग्री की दहलीज की ओर बढ़ रहा है, जिससे आगामी दिनों में लू का प्रकोप बढऩे की संभावना है। इसी स्थिति में स्कूली बच्चों को सर्वाधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने