प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां तेज
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। कस्बे के भूडा के बालाजी मंदिर समिति के तत्वावधान में तथा समस्त सनातन धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं को सहयोग से ब्रह्मलीन रामकिशोर दास महाराज द्वारा पूर्व संकल्पित श्रीराम जानकी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 3 से 11 मई तक आयोजित होने वाले नव दिवसीय नवकुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ की तैयारियां जोरों से की जा रही है। बैठक में अतिथियों की सेवा समिति, जलपान समिति, यज्ञशाला समिति, भोजनशाला समिति, लाइटिंग और अनाउंस तथा पूछताछ समिति, कंट्रोल रूम स्थापित करने सहित अन्य समितियों का गठन किया गया। श्री राम महायज्ञ का आयोजन अखिल भारतीय चतु सम्प्रदाय अध्यक्ष हनुमान दास महाराज के सानिध्य में कस्बे के बीसलपुर कालोनी (पुराना कोर्ट) परिसर में किया जाएगा। श्रीराम महायज्ञ और राम जानकी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में महामण्लेश्वर भगवान दास महाराज और यज्ञकर्ता बाल योगी संत तुलसीदास महाराज तथा यज्ञाचार्य पंडित आत्माराम गुरजी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न अनुष्ठान किया जाएंगे तथा यज्ञ हवन कुण्ड में आहुतियां दी जाएगी। श्रीराम महायज्ञ में 11 मई को अभिजित मुहूर्त दोपहर 12.15 बजे भगवान श्रीराम माता जानकी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार और विभिन्न वासों के माध्यम के पश्चात मूर्तियां स्थापित की जाएगी। श्रीराम महायज्ञ और मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर कस्बे सहित आस पास के श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजक समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यज्ञशाला पूर्ण रूप तैयार हो चुकी है तथा सभी नौ कुण्ड का निर्माण किया जा चुका है। वहीं अतिथि संतों, साधु महात्माओं के लिए आवास सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाने तथा अन्य अतिथियों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि श्रीराम महायज्ञ में काशी बनारस, अयोध्या, मथुरा, ऋषिकेश, हरिद्वार सहित अन्य शहरों से बड़ी संख्या में साधु-संतों के भाग लेने की संभावना को देखते व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है। उन्होंने बताया कि 3 मई को प्रात: 8 बजे कल्याण जी मंदिर चौक स्थित श्रीराम मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए यज्ञशाला परिसर में पहुंचेंगी। जहां विद्वान विप्रजनों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की जाएगी। कलश यात्रा की अगुवाई अखिल भारतीय चतु सम्प्रदाय अध्यक्ष हनुमान दास महाराज सहित अन्य अतिथि संतों द्वारा की जाएगी। समिति पदाधिकारियों ने धर्मप्रेमियों सहित कस्बावासियों से 3 मई को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है ताकि कलश यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाया जा सके।
