शिक्षा ही सफलता की कुंजी : भामाशाह ओमप्रकाश गुप्ता

निवाई में साईकिल वितरण समारोह, विद्यालय को 1 लाख रूपयें के सहयोग की घोषणा
- विशाल सैनी 

निवाई (सच्चा सागर)। शहर के पहाड़ी क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को साइकिल वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख उद्योगपति, समाजसेवी एवं शिक्षा व चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाह ओम प्रकाश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षकगण और ग्रामीणजन मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साह, प्रेरणा और सामाजिक सहयोग की भावना से सराबोर नजर आया। समारोह को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश गुप्ता ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि  ‘शिक्षा शेरनी का दूध है, जो इसे पीता है वही आगे बढ़ता है।’ उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को समाज में एक सशक्त और आत्मनिर्भर नागरिक बनाती है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को शिक्षित करने के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एक शिक्षित बालिका न केवल अपने परिवार को सशक्त बनाती है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती है। उन्होंने कहा कि जब एक लडक़ी शिक्षित होती है तो वह पूरे परिवार को शिक्षित करने की क्षमता रखती है, जिससे समाज का समग्र विकास संभव हो पाता है। ओम प्रकाश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में यह भी कहा कि उनका जीवन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि हर बालक-बालिका को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए और हर जरूरतमंद व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को सहायता मिल सके। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कक्षा-कक्षों के निर्माण हेतु एक लाख रुपये का सहयोग देने की बात कही। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में भी वे हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उनके इस सहयोग की घोषणा पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से उनका स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुशीला करनाणी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय शिक्षा का एक पवित्र मंदिर है, जहां शिक्षकगण और ग्रामीणों का एकमात्र लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार हमेशा प्रयासरत रहता है कि यहां के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की मुख्यधारा से जुड़ें और समाज में सकारात्मक योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें आगे बढऩे का उत्साह और आत्मविश्वास मिलता है। साइकिल वितरण योजना से विशेष रूप से उन छात्राओं को लाभ मिलेगा, जो दूर-दराज क्षेत्रों से विद्यालय आती हैं। इससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी और वे समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान भामाशाह ओम प्रकाश गुप्ता का साफा एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि बद्री लाल गिरदावर, व्याख्याता विष्णु शर्मा, भंवर लाल चौधरी, प्रकाशचंद कुलश्रेष्ठ सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के सहयोग को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। समारोह में विद्यालय के व्याख्याता सोहन लाल खंगार, चन्द्रभान मीणा, श्रीराम जाट, रामधन (पीटीआई), तबनुम जहां, निशा गुर्जर, राजेन्द्र मीणा, रामपाल जाट सहित समस्त स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। इसके साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। कई छात्राओं ने बताया कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी। अभिभावकों ने भी इस योजना को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे उनके बच्चों की शिक्षा में सकारात्मक बदलाव आएगा। समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। भामाशाहों द्वारा दिया गया सहयोग न केवल विद्यालयों के विकास में सहायक होता है, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होता है। इस प्रकार निवाई के पहाड़ी स्थित विद्यालय में आयोजित यह साइकिल वितरण समारोह न केवल एक सामान्य कार्यक्रम रहा, बल्कि यह शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक सहयोग और प्रेरणा का एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने