गाजे-बाजे के साथ निकली ईसर-गणगौर की भव्य सवारी

 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन 

टोंक (सच्चा सागर)।  होली एवं गणगौर महोत्सव समिति के तत्वाधान में जिला मुख्यालय पर शनिवार को पारम्परिक तरीके से शाम को गाजे-बाजे से ईसर-गणगौर की सवारी निकाली गई, जिसके देखने के लिए प्रमुख चौराहे पर लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस लवाजमे के बीच ईसर गणगौर की सवारी विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मंदिर चारभुजा नाथ जोशियों का मोहल्ला पुरानी टोंक से रवाना हुई, जिसके आगे बैण्डबाजे मधुर गीत बिखेरते हुए चल रहे थे, वही घुड़सवार साथ चल रहे थे। ईसर-गणगौर की सवारी में सजी-धजी घोडिय़ों के साथ केसरिया पताकाएं लहराई गई तथा शाही लवाजमे के साथ नगाड़ा-शहनाई वादन एवं मधुर संगीत की स्वर लहरियां वातावरण को भक्तिमय हुई। आकर्षण के रूप में कच्छी घोड़ी नृत्य, कालबेलिया नृत्य एवं अलगोजा पार्टी भी शामिल हुई। यह सवारी जोशियों का मोहल्ला, अजमेर वालों की कोठी, शीतला माता मंदिर, संघपुरा, घंटाघर, सुभाष बाजार होते हुए पंचकुइयां गेट से चतर्भुज तालाब पहुंची, जहां आरती की गई। इसके पश्चात सवारी पुन: पंचकुईयां दरवाजा, घंटाघर एवं महाराणा प्रताप बाजार होते हुए वापस जोशियों का मोहल्ला पहुंची, जहां महाआरती के साथ जुलूस का समापन हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, होली एवं गणगौर महोत्सव समिति के संयोजक ओम प्रकाश पांडे, पूर्व प्रधान खेमराज मीना, दाउद दयाल शर्मा, विशाल सैनी, भगवान बाहेती, पूर्व पार्षद रामचरण साहू, अनिल टिक्कीवाल, रेखा जाजू, ममता, सुरेश जाजू, मुन्ना साहू एवं राधेश्याम साहू आदि मौजूद थे। 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने