चाकसू (सच्चा सागर)। चाकसू कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुराना टोंक रोड स्थित झरणीयों में सरकारी कॉलेज के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सुबह क्षेत्र से गुजर रहे लोगों की नजर जब झरणीयों में पड़े शव पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना चाकसू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच कर स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर चाकसू के मुर्दाघर में रखवाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस के अनुसार मृतक बुजुर्ग की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान नहीं मिला। जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतक कौन है और वह यहां कैसे पहुंचा। चाकसू थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आस-पास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
- आमीन खान
