अवैध खान में ट्रैक्टर सहित गिरने से किसान की मौत

 12 घंटे बाद ग्रामीणों ने निकाला शव

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। उपखण्ड क्षेत्र के लक्ष्मीपुरा धाकड़ान में एक दर्दनाक हादसे में किसान की ट्रैक्टर सहित अवैध खान में गिरने से मौत हो गई। घटना के करीब 12 घंटे बाद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। सूचना के बावजूद मौके पर देर से पहुंचे प्रशासन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। जानकारी के अनुसार मृतक रामलाल धाकड़ (46) पुत्र रामदेव धाकड़ मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे रोजाना की तरह अपने खेत पर काम करने गया था। शाम करीब 8 बजे खेत से लौटते समय फालोलाव मार्ग पर अवैध खान के समीप तारबंदी को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और पानी से लबालब भरी खान में जा गिरा। खेत के पास रखवाली कर रहे सुनील धाकड़ ने बताया कि ट्रैक्टर की आवाज और लाइट अचानक बंद हो गई, जिससे उसे आशंका हुई। मौके पर पहुंचने पर उसे रामलाल का मोबाइल रास्ते में मिला और खान में बुलबुले उठते दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रातभर बचाव कार्य जारी रखा। मोटर और इंजन की सहायता से पानी निकालने तथा जंजीरों के जरिए ट्रैक्टर को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। संकरा रास्ता होने के कारण जेसीबी से रास्ता साफ किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद रातभर पुलिस और प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचे। मंगलवार सुबह शव को बाहर निकालने के बाद एसडीआरएफ टीम पहुंची और ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि यह अवैध खान पिछले 7-8 वर्षों से बंद पड़ी थी और इसमें करीब 60 फीट तक पानी भरा हुआ था। खान की कुल गहराई लगभग 70 फीट बताई जा रही है। बरसात अधिक होने के कारण इस बार जलस्तर भी काफी बढ़ गया था। मृतक रामलाल धाकड़ खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। बेटी (20) नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है, जबकि बेटा (17) सीनियर सेकेंडरी में अध्ययनरत है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।              


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने