ब्रह्म तालाब पाल से अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, पक्के निर्माणों पर चला बुलडोजर
मालपुरा (सच्चा सागर) ब्रह्म तालाब के सौंदर्यकरण और संरक्षण को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने रविवार को एक बार फिर तालाब की पाल से अवैध अतिक्रमण हटाने की जोरदार कार्रवाई शुरू की। रविवार को भारी पुलिस जाप्ते के बीच ईमामबाड़ा के पास जेसीबी मशीनों की मदद से पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।
कार्यवाही के दौरान मालपुरा थानाधिकारी चैनाराम बेड़ा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा, पालिका प्रशासक कपिल कुमार शर्मा और ईओ रामजीत चौधरी भी मौके पर मौजूद रहे और प्रशासनिक निगरानी के साथ दिनभर कार्रवाई का नेतृत्व करते रहे। पालिका प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस जारी किए थे, जिनमें उन्हें अपने अतिक्रमण हटाने के लिए निर्धारित समय दिया गया था। समयावधि समाप्त होने के बाद रविवार को प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए पक्के अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की।
