मस्जिद का ईमाम बना हैवान, नमाजी पर छीडका ज्वलनशील पदार्थ

उपचार के दौरान नमाजी की हुई मौत  

मालपुरा (सच्चा सागर)। डिग्गी थाना क्षेत्र के कलमंडा गांव में मस्जिद के भीतर हुई सनसनीखेज घटना ने अब दुखद मोड़ ले लिया है। ज्वलनशील पदार्थ से गंभीर रूप से झुलसे नमाजी हकीम की जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रमजान माह में विशेष इबादत कर रहे हकीम का गुरुवार सुबह मस्जिद में किसी बात को लेकर इमाम अब्दुल रशीद रमजानी से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच कहासुनी अचानक बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान इमाम ने मौका पाकर शौचालय में गए हकीम पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घटना के बाद मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके पर जमा हो गए। गंभीर रूप से झुलसे हकीम को ग्रामीणों ने तत्काल मालपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डीवाईएसपी आशीष प्रजापत ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं डिग्गी थाना अधिकारी गोपाल चौधरी ने बताया कि पीडि़त की हालत शुरू से ही गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने आरोपी इमाम की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि फिलहाल वह फरार है। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पीडि़त परिवार गहरे सदमे में है, वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लोगों से संयम बरतने की अपील की है।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने