टोंक (सच्चा सागर)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विजयवर्गीय वैश्य महासभा टोंक प्रदेश द्वारा महिला दिवस समारोह आयोजित कर महिला शक्ति का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष बलदेव विजयवर्गीय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक गांधी, महामंत्री कमलेश विजय, वित्त मंत्री सुरेश विजय, कोषाध्यक्ष आसाराम विजय, भवन संयोजक रमेश विजय, मुकेश विजय तथा रामलाल टिकरिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष बलदेव विजयवर्गीय ने कहा कि महिलाएं समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें संसाधन व अवसर प्रदान कर सामूहिक विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन को लेकर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक गांधी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल अधिकार देना नहीं, बल्कि उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने के योग्य बनाना है। जब एक महिला शिक्षित और सशक्त होती है तो पूरा परिवार और राष्ट्र आगे बढ़ता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता, अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। महामंत्री कमलेश विजय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्त भविष्य के लिए संकल्प लेने का अवसर है। हमें ऐसा समाज बनाना होगा जहां हर महिला सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर जीवन जी सके। इस अवसर पर घरेलू महिला राजेश विजयवर्गीय का सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गृहिणी परिवार की आत्मा होती है। उसके प्रेम, त्याग और समर्पण से ही घर एक सुखी और आदर्श परिवार बनता है। परिवार की व्यवस्था संभालने, बच्चों के पालन-पोषण और बुजुर्गों की सेवा में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए हर घर में महिलाओं का सम्मान और सहयोग आवश्यक है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला शक्ति का सम्मान महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन पर दिया जोर
0
