डीएसटी प्रभारी ओम प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में कार्यवाही, केटीएम व रॉयल एनफील्ड बाइक जब्त
- राजेश सैन
बनेठा (सच्चा सागर)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी टीम ने शनिवार देर रात बनेठा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ष्ठस्ञ्ज प्रभारी ओम प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि टोंक से चौथ का बरवाड़ा की ओर मोटरसाइकिलों से नशे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर डीएसटी टीम ने बनेठा क्षेत्र में नाकाबंदी कर दो मोटरसाइकिल सवारों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 5 लाख रुपये कीमत की 22 ग्राम अवैध स्मैक तथा करीब 50 हजार रुपये कीमत का 1 किलो 10 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने एक महंगी केटीएम बाइक और एक रॉयल एनफील्ड बाइक भी जब्त की है, जिनका उपयोग नशे की सप्लाई के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान रिंकेश पुत्र रोहित सांसी (22) निवासी चौथ का बरवाड़ा तथा अफसर पुत्र इशाक मोहम्मद (26) निवासी मेन बाजार चौथ का बरवाड़ा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बनेठा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन जांच कर रही है।

