डिग्गी में फूल माली सैनी समाज के तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में 51 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में



मालपुरा (सच्चा सागर)।
अखिल फूल माली सैनी समाज धर्मशाला डिग्गी व आम चौरासी के तत्वावधान में गुरुवार को धार्मिक नगरी डिग्गी में तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। सम्मेलन में 51 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर हजारों की संख्या में माली समाज के लोग उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय और उल्लासपूर्ण बना रहा। सम्मेलन में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत एवं कन्हैयालाल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता, सहयोग और सादगी का उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जिससे अनावश्यक खर्चों पर रोक लगती है और समाज में एकता मजबूत होती है। आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों व पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया। सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों को आवश्यक घरेलू सामग्री एवं उपहार भी भेंट किए गए, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत सुगम हो सके। सामूहिक विवाह सम्मेलन के अंतर्गत बुधवार रात्रि को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक रामकुमार मालुणी, प्रकाश माली मेहंदवास, जितेंद्र माली गोलीपुरा सहित अन्य कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्कृष्ट व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। भोजन, पानी, बैठने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।        


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने