(सच्चा सागर) निवाई के मुंडिया गांव के प्रिंस मीणा ने आईएएस में पाई 401वीं रैंक

निवाई । टोंक जिले की निवाई तहसील के मुंडिया गांव के प्रिंस मीणा ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 401वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रिंस मीणा के पिता बद्रीलाल मीणा प्रशासनिक अधिकारी हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। प्रिंस ने बताया कि यह उनका तीसरा साक्षात्कार था। पिछली भर्ती में साक्षात्कार के दौरान मात्र एक नंबर से चयन से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। इस बार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में 401वीं रैंक हासिल की। प्रिंस ने बताया कि कक्षा 10वीं के बाद से ही उनका सपना आईएएस बनने का था। उन्होंने कहा कि पिता का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने पूरी लगन से तैयारी की। वे प्रतिदिन करीब 10 घंटे पढ़ाई करते थे। उनका वैकल्पिक विषय इतिहास रहा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। प्रिंस की प्रारंभिक शिक्षा जयपुर में हुई, जबकि उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन और एमए की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में उनका परिवार जयपुर में निवास करता है। प्रिंस मीणा की इस उपलब्धि पर मुंडिया गांव सहित निवाई क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी सिविल सेवा की तैयारी के लिए प्रेरणा मिली है। 
                   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने