टोंक (सच्चा सागर)। राजकीय महाविद्यालय टोंक में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर सप्ताहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. लोकेश कुमार शर्मा द्वारा भारत रत्न से सम्मानित महान वैज्ञानिक सीवी रमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर डॉ. महेश चन्द्र मिश्रा ने सर सीवी रमन द्वारा खोजे गए रमन प्रभाव की विस्तृत व्याख्या करते हुए उसके वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह खोज भारतीय विज्ञान के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. लोकेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को नवाचार और अनुसंधान की दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सर सीवी रमन के जीवन से सीख लेकर वैज्ञानिक सोच विकसित करनी चाहिए और देश के विकास में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कन्हैया चावला द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ में प्रो. आरएस जागरवाल, प्रो. गजेन्द्र सिंह, प्रो. शकीला नकवी, प्रो. रजनी तासिवल, डॉ. श्योजी लाल बैरवा, डॉ. नरेश कुमार वर्मा, डॉ. राजकुमार मीणा सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया
0
