झिलाय (सच्चा सागर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झिलाय में लापरवाही लगातार गंभीर रूप लेती जा रही है। पिछले काफी समय से चिकित्सक ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र से नदारद बताए जा रहे हैं। हालात यह हैं कि मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा, जबकि कागजों में व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखाई जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार चिकित्सा प्रभारी अपनी कार्यप्रणाली की नाकामी छिपाने के लिए चिकित्सालय में चिकित्सकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए लगाई गई बायोमेट्रिक (थम्स) मशीन को ही नकारा साबित कर उसे लाल बस्ते में बंद कर दिया गया है। मशीन बंद होने के बाद से डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं रह गई है। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों की लगातार गैर मौजूदगी से चिकित्साकर्मियों की मनमानी बढ़ गई है। मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार उन्हें बिना उपचार के ही लौटना मजबूरी बन गया है। स्थानीय लोगों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झिलाय में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, बायोमेट्रिक व्यवस्था पुन: चालू कर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झिलाय में स्वास्थ्य सेवाएं लंबे समय से अव्यवस्थाओं की शिकार बनी हुई हैं। पिछले काफी समय से यहां तैनात डॉक्टर ड्यूटी के दौरान चिकित्सालय से नदारद रहने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। हालात यह हैं कि डॉक्टर बारी-बारी से चिकित्सालय से गायब रहते हैं, जिससे मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।
ड्यूटी से गायब डॉक्टर, थम्स मशीन बंद : झिलाय सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं ठप झिलाय सीएचसी में चिकित्सा प्रभारी के आशीर्वाद से डॉक्टर बारी-बारी से नदारद बायोमेट्रिक मशीन लाल बस्ते में
0

