निवाई (सच्चा सागर)। शहर में राधा महिला मंडल के तत्वावधान में भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया गया। झिलाय रोड़ स्थित चिंताहरण गणेश जी मंदिर से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई। मंडल अध्यक्ष सरोज अग्रवाल ने बताया कि यात्रा चिंताहरण गणेश मंदिर से रवाना होकर इंदिरा कॉलोनी विस्तार होते हुए श्याम मंदिर पहुँची। यात्रा के दौरान बाबा श्याम का मनमोहक दरबार सजाया गया। 101 निशान थामे श्याम भक्त भजनों पर झूमते-नाचते और पुष्प वर्षा करते हुए चल रहे थे। मार्ग में भक्तों ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए फूलों की होली खेली, जिससे पूरा वातावरण श्याममय हो गया। ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा। निशान यात्रा के श्याम मंदिर पहुँचने पर श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष रवि अग्रवाल के सानिध्य में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर पहुँचकर भक्तों ने बाबा श्याम के चरणों में निशान अर्पित किए, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान नीलम जैन, शिप्रा जैन, भावना खंडेलवाल, ललिता अग्रवाल, रेनू, रश्मि, इंदु,संजू, कंचन, संतोष, नीलम, ममता, रेखा, सुशीला, अंजू, लक्ष्मी, वंदना, शीलू सहित सैंकड़ों की संख्या में श्याम भक्त मौजूद रहे। शनिवार को दोपहर एक से चार बजे तक फाग महोत्सव का आयोजन श्याम मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। इस दौरान बाबा श्याम का भव्य शृंगार कर कीर्तन किया जाएगा।