निवाई के गिरधारी सिंह देवल बने फागी वीडीओ संघ के अध्यक्ष
फागी पंचायत समिति ग्राम विकास अधिकारी संघ को मिला नया नेतृत्व फागी।
टोंक ( सच्चा सागर) फागी पंचायत समिति के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) संघ के अध्यक्ष पद पर गिरधारी सिंह देवल का चयन किया गया है। उनके अध्यक्ष बनने पर ग्राम विकास अधिकारियों में हर्ष की लहर है। साथियों ने इसे संघ को सशक्त और सक्रिय दिशा देने वाला निर्णय बताया है। देवल अपनी कर्तव्यपरायणता, कार्य के प्रति सजगता और व्यवहार कुशलता के कारण लंबे समय से अधिकारियों व कर्मचारियों में लोकप्रिय रहे हैं। वे कार्यस्थल पर अनुशासन, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देने के लिए जाने जाते हैं। इसी वजह से संघ के अधिकांश सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें अध्यक्ष चुना। निवाई उपखंड के हाथाथली (निवाई) निवासी श्री गिरधारी सिंह देवल का प्रशासनिक अनुभव समृद्ध रहा है। ग्राम विकास के विभिन्न कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने ग्रामीण योजनाओं के क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्य निष्पादन और विभागीय समन्वय को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद देवल ने कहा कि वे ग्राम विकास अधिकारियों की समस्याओं के समाधान, अधिकारों की रक्षा और कार्य परिस्थितियों में सुधार के लिए प्राथमिकता से काम करेंगे। साथ ही पंचायत राज व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों के बीच समन्वय व प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।उनके चयन पर संघ के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि श्री देवल के नेतृत्व में संघ संगठित, सक्रिय और परिणामोन्मुखी भूमिका निभाएगा।
