नकली घी का खेल, मिलते-जुलते ब्रांड पर वार
भाड़ौती में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पांच नमूने लिए
सवाई माधोपुर, 10 अगस्त। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत सोमवार को भाड़ौती-मलारना डूंगर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक के बाद एक तीन बड़ी कार्रवाई की।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश तथा सीएमएचओ सवाई माधोपुर डॉ. अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया और नितेश गौतम की टीम ने कार्रवाई की।
मेन मार्केट रोड भाड़ौती स्थित श्री त्रिनेत्र रिद्धि सिद्धि घी एजेंसी के निरीक्षण के दौरान सरस घी के डुप्लीकेट होने का संदेह हुआ। टीम ने एक लीटर के 10 पैकेट के क्यूआर कोड स्कैन किए, जो सरस के नहीं पाए गए। पैकेट खोलने पर अंदर का पाउच भी ढीला मिला और उसकी बनावट संदिग्ध नजर आई। टीम ने घी का नमूना लेकर शेष संदिग्ध घी जब्त कर लिया। सरस के प्रतिनिधि को कॉपीराइट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने के लिए लिखा गया।
पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि घी टोंक के निवाई स्थित नेमीचंद जयकुमार नामक फर्म से खरीदा गया था। टीम ने टोंक के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को इसकी सूचना देकर संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा।
इसके बाद विशाल ट्रेडर्स पर कार्रवाई करते हुए सरस से मिलता-जुलता ‘यसवी सरस’ ब्रांड का घी का नमूना लिया गया और शेष घी मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसी फर्म से निवाई से खरीदे गए सरसों के तेल का भी नमूना लिया गया।
इसी क्रम में गर्ग ट्रेडर्स पर खुले में स्टील की टंकी में बिक्री के लिए रखे सरसों के तेल का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार खुले में तेल बेचना नियमों का उल्लंघन है। इसी फर्म से खुले काजू के भी नमूने लिए गए।
जांच के लिए जयपुर भेजे पांच नमूने
भाड़ौती-मलारना डूंगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान लिए गए कुल पांच नमूने खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट करने वालों और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में नमूनीकरण और जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नकली घी का खेल, मिलते-जुलते ब्रांड पर वार भाड़ौती में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पांच नमूने लिए
0

