
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को कस्बे के चार प्रमुख प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान मोदी किराना स्टोर से शुद्ध स्वदेशी ब्रांड का मूंगफली तेल, हरिशंकर जितेंद्र कुमार प्रतिष्ठान से तापडिय़ा ब्रांड का धनिया पाउडर, मनोज डिपार्टमेंटल स्टोर से श्रीमूल एगमार्क घी तथा बालाजी दूध डेयरी से खुला घी का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर के साथ होमगार्ड कालूराम गुर्जर, वाहन चालक जितेंद्र कुमार तथा सहायक कर्मचारी तिलक वर्मा मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावट करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।