शिक्षा-स्वास्थ्य में केंद्र व राज्य सरकार पूरी तरह विफल : सचिन पायलट



95 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया शिलान्यास व लोकार्पण   

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने शुक्रवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलियारी, हमीरपुर और इंदोकिया में करीब 95 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। पायलट ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में केंद्र व राज्य सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की मौत हो रही है, लेकिन चिकित्सा मंत्री केवल बयानबाजी कर रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नीट सहित 90 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद कई परीक्षार्थियों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया, जो बेहद दुखद है। भाजपा सरकार युवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि टोंक विधानसभा क्षेत्र में जैसे-जैसे विकास के लिए धन उपलब्ध होगा, वैसे-वैसे सभी गांवों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाएंगे। विधायक कोष का पूरा उपयोग क्षेत्र के विकास पर किया जाएगा। पायलट ने कहा कि लक्ष्मीपुरा जाटान और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर स्थित होने के कारण पूर्व जनप्रतिनिधियों ने इन गांवों की उपेक्षा की, लेकिन अब विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। समारोह में ग्रामीणों ने सचिन पायलट का 51 किलो फूलों की माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सईदी, कमल बैरवा, हरिप्रसाद बैरवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।            


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने