कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा


निवाई (सच्चा सागर)।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, पुलिस प्रशासन व शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थी। शहर के सभी तीनों परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा व अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेशचन्द विजय ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. टीना डाबी के आदेशानुसार निवाई उपखंड मुख्यालय पर परीक्षा के लिए शहर में उच्च माध्यमिक सरस्वती विद्या मंदिर, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय व रानी लक्ष्मी बाई कन्या कॉलेज में परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जहां दोनों पारियों में हजारों अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केन्द्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। निर्धारित समय से पहले ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया तथा उनकी पहचान पत्रों की जांच, बायोमैट्रिक सत्यापन एवं सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति प्रदान की गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पुलिस बल तैनात रहा तथा अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी लगाया गया। प्रथम पारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सम्पन्न हुई। वहीं द्वितीय पारी दोपहर 3 से सायं 5:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। भीषण गर्मी को देखते हुए केन्द्रों पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की गई, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। परीक्षा की सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा गठित उडऩदस्तों ने लगातार विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी नजर बनाए रखी। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा केन्द्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन में लगे कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। सभी केन्द्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारम्भ एवं समाप्त हुई एवं कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था, नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा अन्य किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद प्रशासन ने राहत महसूस की।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने