मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने दी विकास की सौगात : 56 करोड़ के जिला अस्पताल और फोरलेन सडक़ का किया शिलान्यास


मालपुरा (सच्चा सागर)।
जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने रविवार को मालपुरा में घाटी रोड पर 50 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले जिला अस्पताल भवन व 6 करोड़ रुपए की राशि से जयपुर रोड से सुईवालों की ढ़ाणी मोड की ओर बनने वाली फोरलेन रोड मय डिवाइडर का विधिवत् पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास में उनकी ओर से किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व राजस्थान निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जिन-जिन विकास कार्यों का शिलान्यास हो रहा है, लोकार्पण भी हमारी सरकार ही करेगी। उन्होंने कहा कि मालपुरा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने लगातार तीन बार उनको आशीर्वाद देकर विधानसभा में अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजा है, लगातार तीसरी बार विधानसभा में भेजकर उन्हें संपूर्ण राजस्थान की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मालपुरा में लगभग 1500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य होंगे। इसमें पेयजल लाइनें, 100 करोड़ से ब्रह्म तालाब का सौंदर्यकरण, भूमिगत विद्युत लाइन, सडक़ निर्माण, सीवरेज लाइन डालने, पशु चिकित्सालय का नवीन भवन बनाने, आईटीआई की स्थापना सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल है। जयपुर-भीलवाड़ा राज्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने का प्रयास भी हमारी सरकार कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन सुलभ हो सके। उन्होंने कहा कि मालपुरा नगरपालिका क्षेत्र में गत चार महीनों में लगभग 167 पीएम आवास योजना स्वीकृत किए हैं। जिससे गरीबों को रहने के लिए छत मिलेगी। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने किसानों को भूमि पर लोन देने का कार्य शुरू किया था। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फसल बीमा योजना से किसानों को संबल प्रदान करने का कार्य किया है। फसल खराबे पर किसानों को मुआवजा देकर राहत दी जा रही है। इसी के तहत मालपुरा क्षेत्र में लगभग 140 करोड़ रुपए का मुआवजा किसानों के खातों में पहुंचा है।  मालपुरा में जिला अस्पताल बनने से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए जिला व राजधानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे सभी प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं जिला अस्पताल में उपलब्ध रहेगी। उन्होंने जिला अस्पताल में रिक्त चिकित्सकों के पद भी जल्द ही भरने का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शहरवासियों को परिवार के सदस्यों की संख्या के बराबर पौधे लगाकर उनके बड़े होने तक देखभाल करने पर जोर दिया। समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपए की किस्त के चेकों का वितरण किया। समारोह के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने जिला अस्पताल से क्षेत्रवासियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम कपिल शर्मा, अधिशासी अधिकारी रामजीत चौधरी, जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप भाटड, सानिवि के अधिशासी अभियंता पींटू मीना, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव चौधरी, जिला चिकित्सालय मालपुरा प्रभारी डॉ. पीयूष राज सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।              


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने