झमाझम बारिश से खिल उठे किसानों के चेहरे, रामसागर बांध में 3 इंच पानी की आवक


लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
क्षेत्र में लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों और किसानों को शुक्रवार रात राहत मिली। कस्बे सहित देवल, झाड़ली एवं आसपास के क्षेत्रों में रात करीब 11:30 बजे झमाझम बारिश शुरू हुई, जो शुक्रवार सुबह तक रिमझिम के रूप में जारी रही। बारिश से भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे। सिंचाई विभाग के श्रवण नामा ने बताया कि लगातार हुई बारिश से शनिवार सुबह 6 बजे तक 62 एमएम वर्षा दर्ज की गई। वहीं रामसागर बांध में सुबह 6 बजे तक 3 इंच पानी की आवक हुई और पानी की आवक लगातार जारी रही। उन्होंने बताया कि बांध में पहले से करीब 8 फीट पानी भरा हुआ है। बारिश से खेतों में बोई गई खरीफ फसलों के बेहतर अंकुरण की उम्मीद बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि जिन खेतों में पहले ही बुवाई हो चुकी थी, उन्हें पर्याप्त नमी मिल गई है। वहीं जो किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे, उन्होंने अब बुवाई का कार्य शुरू कर दिया है। बारिश के बाद खाद-बीज की दुकानों पर भी किसानों की भीड़ देखने को मिली। हालांकि बारिश के दौरान विद्युत फॉल्ट होने से पूरी रात कस्बे में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। वहीं लगातार बारिश के कारण झाड़ली की सहोदरा नदी पर निर्माणाधीन पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं ठेकेदार एक वर्ष बीतने के बाद भी पुलिया का निर्माण पूरा नहीं करा सके, जिससे बरसात के दौरान आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने