निवाई खसरा नंबर 1/17 पर बने करीब एक किलोमीटर लंबे सरकारी रास्ते से आखिरकार दो दशक पुराना अतिक्रमण हटा दिया गया

 बीस साल का कब्जा टूटा, एक किलोमीटर सरकारी रास्ता खुला; 40 किसानों के खेतों तक फिर पहुंची उम्मीद

खरीफ की बुवाई अटकी तो किसानों ने प्रशासन का दरवाजा खटखटाया, राजस्व टीम ने सीमांकन कर जेसीबी से हटाया अतिक्रमण







निवाई( सच्चा सागर) उपखंड क्षेत्र के लुणेरा गांव स्थित बीड़ की ढाणी में खसरा नंबर 1/17 पर बने करीब एक किलोमीटर लंबे सरकारी रास्ते से आखिरकार दो दशक पुराना अतिक्रमण हटा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद 40 से अधिक किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने का रास्ता मिल गया, जिससे उन्होंने राहत की सांस ली।


जानकारी के अनुसार सरकारी रास्ते पर तारबंदी कर दो राजकीय कर्मचारियों सहित कुछ प्रभावशाली लोगों ने वर्षों पहले अतिक्रमण कर रखा था। करीब 20 वर्षों से रास्ता बंद होने के कारण किसान वैकल्पिक मार्गों से खेतों तक पहुंचते रहे, लेकिन इस बार खरीफ सीजन में वैकल्पिक रास्ते भी बाधित होने से कई किसान समय पर बुवाई नहीं कर सके और उनके खेत खाली रह गए।


परेशान किसानों ने निवाई उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह और तहसीलदार सृष्टि जैन को शिकायत देकर सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाने तथा सीमांकन कराने की मांग की। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार रामकेश मीणा के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम गठित की गई।


टीम में गिरदावर धोलूराम मीणा, गिरदावर गिर्राज मीणा, पटवारी सुमित जैन सहित अन्य राजस्व कार्मिक शामिल रहे। टीम ने मौके पर सीमांकन कर अतिक्रमण चिन्हित किया। इसके बाद ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जेसीबी मशीन की सहायता से करीब एक किलोमीटर लंबे सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाकर मार्ग को पूरी तरह खुलवा दिया गया।


कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए दतवास थाना प्रभारी निरमा मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। पुलिस की मुस्तैदी के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।


सरकारी रास्ता खुलने के बाद किसानों ने उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह, तहसीलदार सृष्टि जैन, नायब तहसीलदार रामकेश मीणा, राजस्व विभाग की टीम तथा कानून व्यवस्था संभालने वाली दतवास थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना है कि अब वे बिना किसी बाधा के अपने खेतों तक पहुंच सकेंगे और भविष्य में खेती का कार्य सुचारू रूप से कर पाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने