राखी एवं सावन प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब, तीन दिनों में हुआ लगभग 9 लाख रुपये का व्यवसाय
टोंक। महिला सशक्तिकरण एवं महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेरणा ग्रुप, टोंक द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राखी एवं सावन प्रदर्शनी का आयोजन 28, 29 एवं 30 जुलाई को अग्रवाल धर्मशाला, टोंक में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रदर्शनी को शहरवासियों का भरपूर स्नेह एवं सहयोग मिला तथा बड़ी संख्या में महिलाओं एवं परिवारों ने पहुंचकर खरीदारी की।
प्रदर्शनी में कुल 26 स्टॉल लगाए गए, जिनमें टोंक के अलावा जयपुर, अजमेर, किशनगढ़, केकड़ी एवं नैनवां से आए उद्यमियों ने भाग लिया। राखी, सावन विशेष परिधान, ज्वेलरी, होम डेकोर, गिफ्ट आइटम, हस्तशिल्प, कॉस्मेटिक्स, फूड एवं अन्य आकर्षक उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला ने आगंतुकों को खूब आकर्षित किया।
प्रदर्शनी के दौरान टोंक एसडीएम सीमा खैरां, जिला प्रमुख सरोज बंसल, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, निर्मला मेहता, बीना चमुनिया एवं रूपल गोयल ने अतिथि के रूप में उपस्थित होकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
आगंतुकों के उत्साह को बढ़ाने के लिए प्रतिदिन लकी ड्रॉ, शॉपिंग वाउचर एवं श्योर गिफ्ट वितरित किए गए। अंतिम दिन आयोजित हाउजी गेम कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। तीन दिनों की प्रदर्शनी में लगभग 9 लाख रुपये का व्यवसाय हुआ, जिससे विभिन्न शहरों से आई महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री का उत्कृष्ट अवसर मिला।
प्रेरणा ग्रुप की संयोजिका रेखा जाजू ने बताया कि प्रेरणा ग्रुप पिछले 6 वर्षों से महिला सशक्तिकरण एवं महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का सफल आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर प्रेरणा ग्रुप की सदस्य सुधा लोढ़ा, सुशीला जैन, लक्ष्मी विजय, ज्योति विजय, पूनम गर्ग, मोनिका जैन, भावना जैन, रेनू सोनी, अरुणा सोनी, स्मिता शर्मा, अंशु सोनी, हेमलता तोषनीवाल, पंकज गर्ग, रैना रजक, रिंकू गर्ग, श्वेता सिंघल, हेमा शर्मा, शिमला गर्ग एवं स्नेहलता शर्मा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आरटी ज्वेलर्स, होटल राज मिडवे, चांदलाई वाटर पार्क एंड रिज़ॉर्ट, सीडीसी डांस एंड ज़ुम्बा स्टूडियो तथा जाजूज़ केकेरी का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन रहा। अंत में संयोजिका रेखा जाजू ने सभी मुख्य अतिथियों, प्रायोजकों, प्रदर्शकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।







