टोंक जिले के निवाई से किडनैप हुए 20 साल के युवक को पुलिस ने महज 11 घंटे में बरामद कर लिया है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की सरूंढ थाना पुलिस ने युवक को कोटपूतली के डाबला रोड स्थित पुलिया के पास से दस्तयाब कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने युवक का किडनैप कर उसके पिता से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी।
कोटपूतली-बहरोड़ एसपी सतवीर सिंह ने बताया— 24 जुलाई की सुबह 3:20 मिनट टोंक जिले के निवाई थाना क्षेत्र के कोटा हाईवे पर स्थित ललवाड़ी चौराहे से महेश (20) पुत्र राजाराम निवासी दत्तवास का स्कॉर्पियो सवार 5 बदमाशों ने अपहरण कर लिया।शुक्रवार दोपहर 1 बजे निवाई डीएसपी रवि शर्मा ने सरूंढ एसएचओ को फोन पर बताया कि स्कॉर्पियो की लोकेशन पाटन के पास मिल रही है। गाड़ी कोटपूतली की ओर जा रही है। इस पर सरूंढ पुलिस ने टोल पर नाकाबंदी की। मगर स्कॉर्पियो सवार 1:30 बजे बदमाश नाकाबंदी तोड़कर कोटपूतली की ओर से निकल गए।पुलिस ने बताया—महेश एक यूट्यूब चैनल चलाता है। शुक्रवार सुबह 3 बजकर 20 मिनट पर वह ललवाड़ी चौराहे के पास स्थित अपने स्टूडियो से घर जाने के लिए निकला था। इस दौरान स्कॉर्पियो में आए बदमाश उसे किडनैप करके ले गए। इस दौरान एक बदमाश ने अपनी बाइक को पास ही स्थित दुकानों के बाहर खड़ा कर दिया। युवक के किडनैप के बाद बदमाश भी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
महेश यूट्यूब चैनल के लिए म्यूजिक वीडियो रिकॉर्ड करता था। दिन में शोर होने की वजह से अक्सर रात में वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे। इसके चलते वह कई बार रात में देर से निकलता था।
एसपी सतवीर सिंह ने बताया— दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन बदमाशों की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। निवाई पुलिस को सूचना दे दी गई है।
