निवाई (आशा किशन गुर्जर)निवाई में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपति को कुचला, मां और 2 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत
जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की बीती रात करीब 11:30 बजे आशाराम गौशाला के समीप एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार दंपति और उनके दो वर्षीय मासूम बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि दो वर्षीय बालक और उसकी मां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही निवाई थानाधिकारी घासीराम तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल पति समेत मृतका व मासूम के शवों को राजकीय उप जिला अस्पताल निवाई पहुंचाया। अस्पताल में दोनों शवों को सुरक्षित मोर्चरी में रखवाया गया, जिसके बाद शनिवार की सुबह करीब 8:00 बजे परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार पंचनामा तैयार कर शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल, डंपर की टक्कर से उजड़े इस हंसते-खेलते परिवार के मामले को लेकर निवाई थाना पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

