3 मई को निकलेगी भव्य कलश यात्रा, श्रीराम महायज्ञ का होगा शुभारंभ

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। कस्बे के भूडा के बालाजी मंदिर समिति के तत्वावधान में तथा समस्त सनातन धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं को सहयोग से ब्रह्मलीन रामकिशोर दास महाराज द्वारा पूर्व संकल्पित श्रीराम जानकी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 3 से 11 मई तक आयोजित होने वाले नव दिवसीय नवकुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ की शुरुआत रविवार 3 मई को भव्य और विशाल कलशयात्रा के साथ की जा रही है। आयोजक समिति ने बताया कि श्रीराम महायज्ञ का आयोजन अखिल भारतीय चतु सम्प्रदाय अध्यक्ष हनुमान दास महाराज के सानिध्य में कस्बे के बीसलपुर कालोनी (पुराना कोर्ट) परिसर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3 मई को प्रात: 8.30 बजे बजे कल्याण जी मंदिर चौक स्थित श्रीराम मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए यज्ञशाला परिसर में पहुंचेंगी। जहां विद्वान विप्रजनों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की जाएगी। कलश यात्रा की अगुवाई अखिल भारतीय चतु सम्प्रदाय अध्यक्ष हनुमान दास महाराज सहित अन्य अतिथि संतों द्वारा की जाएगी। समिति पदाधिकारियों ने धर्मप्रेमियों सहित कस्बावासियों से 3 मई को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है ताकि कलश यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाया जा सके।                 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने