चाकसू के भोज्याडा गांव में देर रात चोरी की बड़ी वारदात


तीन घरों से लाखों के जेवरात व नकदी पार 

- आमीन खान

चाकसू (सच्चा सागर)। भोज्याडा गांव में सोमवार की रात करीब 12 बजे अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी सुबह होने पर पीडि़तों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामदेव सिंह पुत्र भैरू सिंह के घर से करीब एक किलो चांदी के आभूषण (कड़े, पायजेब, कमरबंद), 10 ग्राम सोने के जेवर (रखड़ी, टोप्स, मंगलसूत्र), एक लाख रुपये नगद और कीमती वस्त्र चोरी कर लिए गए। वहीं गणेश यादव पुत्र मूलचंद यादव के घर से तीन किलो चांदी के आभूषण (दो कमरबंद, चार जोड़ी पायजेब, दो जोड़ी कड़े), 20 ग्राम सोने के जेवर (दो टीके, बोरला, नथ, मंगलसूत्र, टोप्स) के साथ दो लाख रुपये नगद और कीमती कपड़े चुरा लिए गए। इसके अलावा सीताराम सैन पुत्र धन्नालाल सैन के घर से आठ किलो चांदी के आभूषण (चार कमरबंद, चार जोड़ी कड़े, आठ पायजेब, छह बंगडिय़ां), 40 ग्राम सोने के आभूषण (चार बोरला, दो टीका, दो जोड़ी झुमर, चार जोल्या), तीन लाख रुपये नगद, एक एलईडी टीवी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। घटना के बाद 27 अप्रैल सुबह करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश कर पीडि़तों को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। पीडि़तों ने पुलिस से मांग की है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए चोरी किया गया सामान बरामद कर उन्हें वापस दिलाया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गौरतलब है कि गांव में एक साथ तीन घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत है।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने