भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, सर्व समाज की सहभागिता रही आकर्षण
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में कस्बे में भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा कस्बे के दादाबाड़ी स्थित सरस्वती माध्यमिक विद्या मंदिर से बैण्ड-बाजे एवं डीजे की धुनों पर भगवान परशुराम के जयकारों और जयघोष के बीच रवाना हुई। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की भव्य सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा सरस्वती माध्यमिक विद्या मंदिर से प्रारंभ होकर स्टेट बैंक चौराहा, विनायक मार्केट, आजाद मार्केट, कटला चौराहा, बत्तीसी बाजार, माणक चौक, चारभुजानाथ मंदिर, ब्रह्म अखाड़ा, चतरी पोल दरवाजा तथा अस्पताल मार्ग से होते हुए महलों के चौक स्थित श्री गणेश सामुदायिक भवन पहुंची, जहां महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं द्वारा हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया गया। वहीं महिलाएं रंग-बिरंगे परिधान पहनकर डीजे की धुनों पर झूमती नजर आईं। शोभायात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा जलपान की व्यवस्था भी की गई। शोभायात्रा की विशेष बात यह रही कि सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी रहे। पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी सकल ब्राह्मण समाज की ओर से आयोजित भगवान परशुराम का जन्मोत्सव भगवान परशुराम ने दुष्टों का नाश करने में और असामाजिक तत्वों का विनास करने की क्षमता दें, यही हम सब की भावना है। सनातन धर्म में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। सनातन सभी को साथ लेकर चलने की प्राचीन काल से ही परम्परा रही है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज सनातन धर्म की नींव है। समाज में विघटन नहीं होना चाहिए, मनभेद नहीं हो। सभी को एकजुट रहना होगा। ब्राह्मण समाज एकजुट नहीं रहा तो, अन्य समाज को क्या शिक्षा देंगे। विशेष अतिथि अखिल भारतीय चतु: सम्प्रदाय अध्यक्ष संत हनुमान दास महाराज ससंघ उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता निवर्तमान पालिका अध्यक्ष भरत लाल सैनी ने की। विशिष्ट अतिथियों में श्रीगणेश गौशाला अध्यक्ष एवं पूर्व डीआर रामचंद्र गुर्जर, कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष महावीर धाकड़, जगदीश मोडकिया, श्री श्याम परिवार अध्यक्ष हनुमान सिंघल, सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष आत्माराम गुरजी, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामनिवास सैनी तथा पार्षद प्रहलाद चांवला सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। मंच संचालन सुनील भारत द्वारा किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए, जिससे पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

