- आमीन खान
चाकसू (सच्चा सागर)। चाकसू कस्बे में बड़े बालाजी के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक युवक की मौके मौत हो गई, जबकि उसके पिता और छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, शीतल वैष्णव बाइक पर सवार होकर अपने बेटे निशिचेतन व बेटी किरण के साथ अपने घर की ओर जा रहा थे इसी दौरान बड़े बालाजी के पास सडक़ किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत चाकसू उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल जयपुर रेफर कर दिया गया।हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार पर इस हादसे के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सडक़ किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण यह हादसा हुआ, जिससे आए दिन इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सडक़ पर खड़े वाहन के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ किनारे इस तरह खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार के हादसों को रोका जा सके। क्षेत्र में बढ़ते सडक़ हादसों को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
