स्वच्छ सर्वेक्षण : देवली को अग्रणी व स्वच्छ बनाने में सहयोग करें


देवली (सच्चा सागर)।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसे लेकर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार मीना ने देवली को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए आमजन से विशेष सहयोग की मांग की है। पालिका प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख स्थलों बस स्टैंड, उप जिला अस्पताल, पेट्रोल पंप और मुख्य मार्गों पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें मिशन लाइफ और जीरो वेस्ट के संदेश के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के चित्र अंकित हैं। अधिशाषी अधिकारी सुरेश मीना ने शहरवासियों से पांच प्रमुख बिंदुओं पर अमल करने का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे सूखे कचरे को नीले और गीले कचरे को हमेशा हरे डस्टबिन में ही डालें। पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और रसोई के कचरे से घर पर ही खाद बनाने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा पुरानी किताबें, कपड़े, जूते और ई-वेस्ट को ‘कम उपयोग, पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण’ (आरआरआर) केंद्र में देने की सलाह दी गई है। उन्होंने खुले में गंदगी न फैलाने और अनिवार्य रूप से शौचालय का उपयोग करने का भी आग्रह किया।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने