मालपुरा (सच्चा सागर)। ‘विकसित राजस्थान 2047 विजन’ के अनुरूप योजनाबद्ध विकास हेतु ग्राम पंचायत के विकास कार्य के लिए मास्टर प्लान बनाने के लिए चलाए जा रहे मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा की अध्यक्षता में टोरडी ग्राम पंचायत सभागार में ग्राम पंचायत स्तरीय सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं हितधारकों की बैठक आयोजित की गई। उपखंड अधिकारी ने कहा कि ग्राम के सुनियोजित विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा अल्पकालीन, मध्यकालीन और दीर्घकालिक योजनाओं के निर्माण के लिए सभी को मिलकर राज्य सरकार की कल्याणकारी सोच के तहत ग्राम के विकास के लिए एवं आने वाली पीढ़ी को हम क्या सुविधा दे सके सभी बिंदुओं का ध्यान रखते हुए योजनाएं का प्रस्ताव तैयार करना है। जब ग्राम का चहुंमुखी विकास होता है तो ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रुकता है, सभी को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार एवं सुविधाओं उपलब्ध हो सके, इस के लिए ही राज्य सरकार सभी लोगों के बीच में जाकर उनकी आवश्यकताओं के हिसाब से योजनाएं तैयार करवा रही हैं। ग्राम सभा में कृषि, सिंचाई, कौशल, बुनियादी ढांचा और विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप आत्मनिर्भर और सतत ग्राम विकास के प्रस्ताव तैयार किए गए। इस अवसर पर पंचायत प्रशासक हेमेंद्र सिंह, कनिष्ठ सहायक ग्राम पंचायत संतराम गुर्जर, भू-अभिलेख निरीक्षक राम सिंह, पटवारी राजेंद्र यादव, पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रामदेव जाट सहित ग्राम स्तरीय अधिकारीगण एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम सभा के बाद ग्रामवासियों ने विभिन्न समस्याओं के संबंध में प्रार्थना पत्र दिए, जिसमें मौके पर ही कई समस्याओं का उपखंड अधिकारी ने तत्काल समाधान कर राहत प्रदान की।
