कपड़े की दुकान में चोरी का मामला : 24 घंटे में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


मालपुरा/लाम्बाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
डीएसटी मालपुरा एवं पुलिस थाना लाम्बाहरिसिंह ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कपड़े की दुकान पर हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ पूरा माल बरामद कर लिया। थाना लाम्बाहरिसिंह में 29 अप्रैल को प्रार्थी लादूराम पुत्र चतरभुज जाट निवासी सनोदिया (झाड़ली) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि कस्बे की एक कपड़े की दुकान से अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी कमीज चोरी कर ली, जिसकी जेब में 6600 रू. नगद और सिल्वर रंग का टेक्नो स्पार्क मोबाइल फोन रखा हुआ था। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार मीना के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेन्द्र सिंह सोलंकी और वृत्ताधिकारी मालपुरा आशीष कुमार प्रजापत के सुपरविजन में थानाधिकारी रविश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान किटवा पुत्र इकरार पारदी (28) और जयहिन्द पुत्र सिलवार पारदी (28), निवासी हिरियाखेड़ी, खेराबाद थाना रामगंजमंडी जिला कोटा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी राशि 6600 रू. और टेक्नो स्पार्क मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।           


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने