19 अप्रैल को अक्षय तृतीया का अबूझ सावा : चार माह तक गूंजेंगी शहनाइयां


महंगाई ने बढ़ाया खर्च का भारी बोझ 

लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)। चार माह बाद बुधवार सुबह 11:43 बजे खरमास समाप्त होते ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही शादी-विवाह का सीजन भी शुरू हो गया है और अब 15 अप्रैल से लगातार चार महीने तक शहनाइयां गूंजेंगी। इस दौरान करीब 30 से अधिक शुभ मुहूर्त उपलब्ध रहेंगे। ज्योतिष आचार्य पंडित सुरेश दाधीच के अनुसार इस सीजन का सबसे बड़ा मुहूर्त 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर रहेगा, जिसे अबूझ सावा माना जाता है। उन्होंने बताया कि अप्रैल में 19, 20, 21 और 30 तारीख को विवाह मुहूर्त हैं। मई में 5 से 10 तक छह सावे, जून में 22, 23, 24, 26 व 27 और जुलाई में 1, 4, 6, 7, 8 व 9 तारीख को शुभ मुहूर्त रहेंगे। शादी सीजन की रौनक के बीच इस बार महंगाई का असर भी साफ नजर आ रहा है। रुपचंद अकोदिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हालात और बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है। टैंट, कैटरिंग और मैरिज गार्डन के किराए बढ़ गए हैं, जिससे खर्च में इजाफा हुआ है। सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों ने ज्वैलरी बजट को करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है, वहीं तेल, दाल और मसालों के महंगे होने से कैटरिंग के रेट भी बढ़ गए हैं। एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण हलवाइयों ने लेबर चार्ज बढ़ा दिए हैं और ड्राई फ्रूट्स व इम्पोर्टेड मसालों के दाम भी बढ़े हैं। मैरिज गार्डन और टैंट हाउस जुलाई तक बुक हो चुके हैं। मांग अधिक होने के कारण इनके किराए में भी करीब 15 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में इस सीजन में शादी करना पहले की तुलना में अधिक महंगा साबित हो रहा है।  


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने