- विशाल सैनी
टोंक (सच्चा सागर)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिटी नंबर 12 छावनी, टोंक के विद्यार्थियों ने 12वीं विज्ञान वर्ग के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के छात्र मनोज कुमार सैनी पुत्र रामविलास सैनी एवं माता द्वारिका देवी, निवासी ग्राम पोस्ट हथौना तहसील जिला टोंक ने 95.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। वहीं इसी विद्यालय की छात्रा सुष्मिता सैनी पुत्री गिर्राज सैनी एवं माता रामप्यारी देवी, निवासी ग्राम नयागांव इस्लामपुरा पोस्ट गलोद तहसील पीपलू जिला टोंक ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की। दोनों विद्यार्थियों की इस सफलता से परिजनों में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षकों ने बताया कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं मार्गदर्शन का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

