बनेठा (सच्चा सागर)। उप तहसील मुख्यालय पर लगने वाला साप्ताहिक हॉट बाजार क्षेत्र में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। बाजार में आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम के हालात बन रहे हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फोटो में साफ देखा जा सकता है कि सडक़ के बीचों-बीच खड़े बड़े वाहन और इधर-उधर खड़ी मोटरसाइकिलों के कारण रास्ता संकरा हो गया है। ऐसे में पैदल राहगीरों और छोटे वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। दुकानदारों और वाहन चालकों द्वारा मनमाने तरीके से वाहन खड़े करने से समस्या और गंभीर है, लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए। आड़े-तिरछे खड़े वाहनों पर सख्त कार्यवाही हो, नो-पार्किंग जोन निर्धारित कर सख्ती से पालन कराया जाए।
- राजेश सैन
